लुधियाना | लुधियाना पुलिस महकमे में अनुशासनहीनता के खिलाफ पुलिस कमिश्नर द्वारा सख्त कार्रवाई ने हलचल मचा दी है। थाना सराभा नगर के SHO, इंस्पेक्टर आदित्य शर्मा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। इस कदम के पीछे ड्यूटी में कोताही और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ अभद्र व्यवहार करना बताया गया है।
सूत्रों के अनुसार, इंस्पेक्टर आदित्य शर्मा को फिल्लौर में आयोजित एक विशेष प्रशिक्षण सत्र में शामिल होना था। सरकारी आदेशों के बावजूद उन्होंने प्रशिक्षण में हिस्सा नहीं लिया। मामला और गंभीर तब हो गया जब उन्होंने कथित तौर पर कुछ वरिष्ठ अधिकारियों के साथ दुर्व्यवहार भी किया। इस अड़ियल रवैये और अनुशासनहीनता की पूरी घटना की विस्तृत रिपोर्ट पुलिस कमिश्नर के संज्ञान में लाई गई।
रिपोर्ट का सावधानीपूर्वक अध्ययन करने के बाद पुलिस कमिश्नर ने विभाग की छवि और अनुशासन को सर्वोपरि मानते हुए SHO आदित्य शर्मा को सस्पेंड करने के आदेश जारी किए। थाना सराभा नगर जैसे महत्वपूर्ण थाने के प्रमुख पर हुई इस कार्रवाई ने पुलिस महकमे में चर्चा का विषय बन गई है।
उच्च अधिकारियों ने साफ संदेश दिया है कि ड्यूटी में लापरवाही और अनुशासनहीनता किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस कदम के माध्यम से पुलिस महकमा यह सुनिश्चित करना चाहता है कि सभी अधिकारी अपने कर्तव्यों का पालन पूरी ईमानदारी और अनुशासन के साथ करें।