चिंतपूर्णी, विकास-:भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान और स्टार बल्लेबाज़ हरमनप्रीत कौर ने माता श्री चिंतपूर्णी के पावन दरबार में श्रद्धा के साथ हाजिरी भरी। इस दौरान उन्होंने पूरी सादगी और आस्था के भाव के साथ मां के चरणों में माथा टेका और देश व टीम की सफलता की कामना की।
मंदिर परिसर में चिंतपूर्णी मंदिर के पुजारी राजेश कालिया ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ विधिवत पूजा-अर्चना करवाई। हरमनप्रीत कौर ने इस धार्मिक यात्रा को पूरी तरह निजी रखने का प्रयास किया था, लेकिन मंदिर में मौजूद कुछ श्रद्धालुओं और प्रशंसकों ने उन्हें पहचान लिया। इसके बाद कई फैंस ने उनके साथ तस्वीरें खिंचवाईं, जिन्हें उन्होंने मुस्कान के साथ स्वीकार किया।
मीडिया से संक्षिप्त बातचीत में हरमनप्रीत कौर ने अपने क्रिकेट करियर को लेकर भावुक बातें साझा कीं। उन्होंने कहा कि उनके जीवन का सबसे अविस्मरणीय क्षण वह रहा, जब उन्होंने वर्ल्ड कप की ट्रॉफी अपने हाथों में उठाई। वह पल आज भी उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।
युवा लड़कियों को संदेश देते हुए उन्होंने कहा कि सपने तभी पूरे होते हैं जब उनके पीछे कड़ी मेहनत, अनुशासन और धैर्य हो। सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता, लगातार प्रयास ही मंज़िल तक पहुंचाता है। उन्होंने कहा कि आज की बेटियों में अपार प्रतिभा है, बस खुद पर विश्वास रखना ज़रूरी है।