फरीदाबाद। जिले में साइबर ठगी के मामलों में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। ताजा मामलों में साइबर ठगों ने दो अलग-अलग लोगों को निशाना बनाकर कुल 22.84 लाख रुपये की धोखाधड़ी कर ली। दोनों पीड़ितों ने साइबर थाना पुलिस को शिकायत दी है, जिसके आधार पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पहला मामला दयालपुर गांव निवासी मनोज कुमार से जुड़ा है। पीड़ित के अनुसार, साइबर ठगों ने उसे टेलीग्राम के जरिए संपर्क किया और टास्क पूरा करने पर मोटा मुनाफा कमाने का झांसा दिया। शुरुआत में छोटे लाभ दिखाकर विश्वास में लेने के बाद आरोपियों ने अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए उससे कुल 17.99 लाख रुपये ट्रांसफर करवा लिए। जब मनोज ने रकम वापस निकालने की कोशिश की तो उसे ब्लॉक कर दिया गया और ठगी का पता चला।
दूसरा मामला सेक्टर-11 निवासी जयभगवान का है। जयभगवान ने पुलिस को बताया कि उसके मोबाइल पर एक अनजान व्यक्ति ने खुद को अडानी गैस से जुड़ा बताकर एक APK फाइल भेजी। फाइल डाउनलोड और इंस्टॉल करते ही उसके बैंक खाते से 4,85,371 रुपये निकाल लिए गए। पीड़ित का कहना है कि यह फाइल फर्जी थी और इसके जरिए मोबाइल का कंट्रोल लेकर ठगी को अंजाम दिया गया।
साइबर थाना पुलिस ने दोनों मामलों में अज्ञात ठगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि बैंक ट्रांजेक्शन और डिजिटल सबूतों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर जल्द कार्रवाई की जाएगी।