लुधियाना । भाजपा के राष्ट्रीय सचिव एवं पंजाब प्रभारी डॉ. नरेंद्र सिंह रैना ने केंद्रीय बजट 2026 को “विकसित भारत” के लक्ष्य की दिशा में एक मजबूत और दूरदर्शी कदम बताया है। शनिवार को लुधियाना स्थित भाजपा कार्यालय में पार्टी कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों के साथ बैठक के दौरान उन्होंने बजट की प्रमुख विशेषताओं पर विस्तार से चर्चा की।
बैठक के उपरांत पत्रकारों से बातचीत करते हुए डॉ. रैना ने कहा कि यह बजट “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” की मूल भावना पर आधारित है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रस्तुत यह बजट न केवल वर्तमान आवश्यकताओं को पूरा करता है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए भी नए अवसरों का सृजन करेगा।
डॉ. रैना ने कहा कि वैश्विक आर्थिक अस्थिरता और राजनीतिक चुनौतियों के बावजूद भारत की अर्थव्यवस्था मजबूत बनी हुई है। केंद्रीय बजट 2026 उसी विश्वास को और सुदृढ़ करता है तथा भारत को आत्मनिर्भर और समृद्ध राष्ट्र बनाने की दिशा में आगे बढ़ाता है।
उन्होंने बताया कि बजट में ईपीएफओ और श्रम सुधारों पर विशेष ध्यान दिया गया है। ऑनलाइन पीएफ क्लेम सेटलमेंट अब औसतन 8 दिनों में पूरा हो रहा है। नए नियमों के तहत पीएफ बैलेंस का 75 प्रतिशत तक निकासी की सुविधा दी गई है। इसके साथ ही महिला श्रमिकों के लिए भर्ती व वेतन में लिंग आधारित भेदभाव पर रोक, सभी क्षेत्रों में सुरक्षित कार्यस्थल और समान न्यूनतम वेतन की गारंटी जैसे प्रावधान किए गए हैं।
स्वास्थ्य क्षेत्र पर बोलते हुए डॉ. रैना ने कहा कि केंद्र सरकार की जन-जन तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने की प्रतिबद्धता इस तथ्य से स्पष्ट है कि पिछले 12 वर्षों में स्वास्थ्य बजट में 176 प्रतिशत वृद्धि की गई है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2026 में स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए 1 लाख 5 हजार करोड़ रुपये से अधिक का बजट आवंटित किया गया है, जो पिछले वर्ष की तुलना में लगभग 9 प्रतिशत अधिक है।
डॉ. रैना ने बताया कि पंजाब के लिए रेलवे बजट में ऐतिहासिक बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासनकाल (2009-2014) में पंजाब को रेलवे बजट में मात्र 225 करोड़ रुपये मिलते थे, जबकि वर्ष 2026-27 में यह बढ़कर 5,677 करोड़ रुपये हो गया है। उन्होंने फिरोजपुर-तरनतारन रेल ट्रैक, हरिके पुल सहित कई परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि यह सीमावर्ती क्षेत्रों के विकास के लिए बड़ा कदम है।
डॉ. रैना ने कहा कि बजट में एमएसएमई सेक्टर, इंफ्रास्ट्रक्चर, शिक्षा, स्वास्थ्य और तकनीक को नई मजबूती देने वाले प्रावधान किए गए हैं। यह बजट गांव, गरीब, किसान, युवा और नारी शक्ति सहित समाज के हर वर्ग के विकास की ठोस रूपरेखा प्रस्तुत करता है।
अंत में डॉ. नरेंद्र सिंह रैना ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और उनकी पूरी टीम को इस क्रांतिकारी बजट के लिए साधुवाद देते हुए धन्यवाद प्रकट किया। इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष जतिंदर मित्तल, प्रदेश महामंत्री अनिल सरीन, सचिव रेनू थापर, जिला प्रधान रजनीश धीमान, जिला महामंत्री सरदार नरेंद्र सिंह मल्ली, उपाध्यक्ष डॉ. निर्मल नय्यर, मनीष चोपड़ा, नवल जैन, प्रेस सचिव डॉ. सतीश कुमार सहित अनेक वरिष्ठ नेता व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।