बिलासपुर, सुभाष-: हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले के नौणी क्षेत्र में खाद्य सुरक्षा को लेकर एक चिंताजनक घटना सामने आई है। ग्राम मंडी मानवा के रमेश चंद कौंडल ने अपने बच्चों के लिए स्थानीय बाजार से खरीदी गई पांच रुपये की चॉकलेट खोलने पर उसमें जिंदा कीड़ा और उसके अंडे पाए। चॉकलेट का पैकेट पूरी तरह वैध था और उस पर बैच नंबर व कोड अंकित था, जिससे यह उत्पाद सुरक्षित प्रतीत हो रहा था।
सौभाग्यवश, बच्चे के खाने से पहले ही यह स्थिति सामने आ गई, जिससे बड़ी परेशानी टल गई। पीड़ित परिवार ने प्रभावित चॉकलेट को कानूनी साक्ष्य के रूप में सुरक्षित रखा है और कंपनी के खिलाफ न्यायालय में मामला दर्ज करने का निर्णय लिया है।खाद्य सुरक्षा विभाग के सहायक आयुक्त महेश कश्यप ने कहा कि शिकायत मिलने पर मामले की गहन जांच की जाएगी और चॉकलेट का सैंपल प्रयोगशाला भेजा जाएगा। यदि नियमों का उल्लंघन पाया गया, तो कंपनी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद क्षेत्र में पैकेज्ड खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा को लेकर लोगों में चिंता बढ़ गई है।