चंडीगढ़। तरनतारन में कानून की पढ़ाई कर रही छात्रा की सरेआम गोली मारकर हत्या किए जाने की घटना ने पंजाब की राजनीति में हलचल मचा दी है। शिरोमणि अकाली दल की वरिष्ठ नेता और सांसद हरसिमरत कौर बादल ने इस वारदात पर गहरा दुख जताते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने इसे पंजाब में बिगड़ती कानून व्यवस्था का सबसे बड़ा उदाहरण बताया।
हरसिमरत कौर बादल ने कहा कि छात्रा को माथे में गोली मारकर हत्या किए जाने की खबर बेहद दर्दनाक है और यह घटना पूरे समाज को झकझोरने वाली है। उन्होंने मुख्यमंत्री से सवाल किया कि आखिर पंजाब में पिस्तौल और रिवॉल्वर इतनी आसानी से कैसे उपलब्ध हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि हालात इतने भयावह हो चुके हैं कि अब छात्र-छात्राएं स्कूल और कॉलेजों में भी खुद को सुरक्षित नहीं मान रहे।
अकाली नेता ने दावा किया कि पंजाब में धार्मिक स्थलों, बाजारों और गलियों तक में गोलियां चलने की घटनाएं आम हो गई हैं। उन्होंने कहा कि 2026 में अब तक शायद ही कोई दिन ऐसा गया हो, जब राज्य में खुलेआम हत्या की घटना सामने न आई हो।
हरसिमरत कौर बादल ने पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पुलिस निहत्थे प्रदर्शनकारियों पर कार्रवाई करने में तो सक्रिय रहती है, लेकिन गैंगस्टरों और अपराधियों के सामने कमजोर नजर आती है। उनके मुताबिक पंजाब में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है।
उन्होंने कहा कि जब सरकार नागरिकों की सुरक्षा नहीं कर सकती, तो मुख्यमंत्री को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए पद छोड़ देना चाहिए। हरसिमरत कौर बादल ने मांग की कि भगवंत मान अपनी विफलता स्वीकार करें और तुरंत मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दें।