शिमला, संजू-:IGMC शिमला में इलाज कराने वाले मरीजों पर जल्द ही आर्थिक बोझ बढ़ सकता है। अस्पताल की रोगी कल्याण समिति (RKS) की 14वीं बैठक में विभिन्न मेडिकल टेस्टों के शुल्क बढ़ाने और स्पेशल वार्ड के दामों में इजाफा करने का प्रस्ताव रखा गया है। बैठक में एमआरआई और पैट स्कैन जैसी महंगी जांचों के लिए नए रेट्स को भी मंजूरी दे दी गई है, जिन्हें सरकार की स्वीकृति के बाद लागू किया जाएगा।
स्वास्थ्य मंत्री कर्नल धनीराम शांडिल की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में अस्पताल संचालन की बढ़ती लागत, आधुनिक मशीनों के रखरखाव और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने को ध्यान में रखते हुए शुल्कों में संशोधन पर चर्चा की गई।समिति का मानना है कि संसाधनों के बेहतर प्रबंधन और मरीजों को गुणवत्तापूर्ण सेवाएं देने के लिए यह कदम जरूरी है।
बैठक के बाद स्वास्थ्य मंत्री कर्नल धनीराम शांडिल ने बताया कि टेस्टों के शुल्क बढ़ाने से संबंधित प्रस्ताव सरकार को भेजा जाएगा और मंजूरी मिलते ही नई दरें लागू की जाएंगी। इसके साथ ही RKS के अंतर्गत कार्यरत कर्मचारियों के लिए छठा वेतनमान लागू करने और आठ वर्ष का अनुबंध पूरा कर चुके कर्मचारियों को नियमित वेतनमान देने के प्रस्ताव को भी सरकार के समक्ष रखा जाएगा।
स्वास्थ्य मंत्री ने यह भी कहा कि राज्य सरकार हिमकेयर और आयुष्मान भारत योजना के तहत लंबित देनदारियों के भुगतान की दिशा में लगातार प्रयास कर रही है, ताकि मरीजों के इलाज में किसी तरह की बाधा न आए और सरकारी स्वास्थ्य सेवाएं सुचारू रूप से चलती रहें।