Nurpur, Sanjeev-:नूरपुर विधानसभा क्षेत्र के छोटे से गांव सुलयाली ने अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर बड़ी पहचान बनाई है। गांव के दो होनहार युवाओं ध्रुव और स्वास्तिक ने नेपाल में आयोजित अंडर-19 अंतरराष्ट्रीय वालीबॉल प्रतियोगिता में भारत की टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए शानदार प्रदर्शन किया और देश को विजेता बनाया। यह प्रतियोगिता भारतीय शौकिया खेल महासंघ के तत्वावधान में आयोजित की गई थी।
प्रतियोगिता जीतकर गांव लौटने पर दोनों खिलाड़ियों का भव्य स्वागत किया गया। गांववासियों के साथ-साथ डिब्केश्वर महादेव स्पोर्ट्स क्लब के सदस्यों ने ढोल-नगाड़ों और फूल मालाओं के साथ दोनों युवाओं को सम्मानित किया। इस मौके पर खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिला।ध्रुव और स्वास्तिक ने बातचीत में बताया कि सीमित संसाधनों के बावजूद निरंतर मेहनत, अनुशासन और लगन ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया। दोनों खिलाड़ियों का आगामी अंतरराष्ट्रीय वालीबॉल प्रतियोगिता के लिए मलेशिया में चयन भी हो चुका है, जो उनके करियर की एक और बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।इस सफलता ने एक बार फिर साबित किया है कि प्रदेश और देश के छोटे-छोटे गांवों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। जरूरत है तो उन्हें सही मार्गदर्शन, सहयोग और प्रोफेशनल ट्रेनिंग उपलब्ध कराने की। यदि गांव स्तर पर खेल सुविधाएं और प्रशिक्षण व्यवस्था मजबूत की जाए, तो ध्रुव और स्वास्तिक जैसे कई खिलाड़ी देश का नाम रोशन कर सकते हैं।