अमृतसर | कमिश्नरेट पुलिस ने मजीठा रोड पर 67 वर्षीय मकान मालकिन वीना रानी की हत्या के मामले में दिल्ली से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला के किराएदार गुरदेव सिंह और शमशेर सिंह हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटे गए सोने के गहने, घटना में इस्तेमाल मोटरसाइकिल, तेजधार हथियार और मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
जानकारी के अनुसार, यह घटना 28 जनवरी की रात मजीठा रोड स्थित इंदिरा कॉलोनी में हुई थी। अकेली रहने वाली वीना रानी को तेजधार हथियारों से बेरहमी से मारा गया। मृतका बिजली बोर्ड से रिटायर्ड थी।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और शुरुआती जांच में शक जताया कि हत्या उसके किराएदारों ने की है। इसके बाद दिल्ली तक पीछा करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि दोनों आरोपियों को कोर्ट के आदेश पर जांच के लिए पुलिस रिमांड पर लिया गया है। आरोपियों से पूछताछ जारी है और मामले की जांच में पूरी गंभीरता बरती जा रही है।
कमिश्नरेट पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध व्यक्ति की गतिविधियों की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। पुलिस ने यह भी बताया कि मामले में कोई और तथ्य सामने आने पर अपडेट दिया जाएगा।