नूरपुर, संजीव
नूरपुर क्षेत्र के लिए गर्व का क्षण है कि पंचायत सदवाँ की 24 वर्षीय शिवांगी शर्मा का चयन भारतीय सेना की आर्मी मेडिकल कोर में कैप्टन के पद पर हुआ है। चयन के बाद उनकी नियुक्ति 167 मिलिट्री हॉस्पिटल में की गई है। इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी और उत्साह का माहौल है।
शिवांगी शर्मा, शशी पाल और शशि किरण की सुपुत्री हैं। उनके पिता राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय गनोह में कार्यवाहक प्रधानाचार्य के पद पर सेवाएं दे रहे हैं। साधारण परिवार से संबंध रखने वाली शिवांगी ने अपनी मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प से यह मुकाम हासिल कर क्षेत्र की बेटियों के लिए प्रेरणा प्रस्तुत की है।उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा नूरपुर पब्लिक स्कूल से प्राप्त की और दसवीं कक्षा उत्तीर्ण की। इसके बाद जमा दो की पढ़ाई डीएवी स्कूल बागनी से पूरी की। उच्च शिक्षा के लिए उन्होंने गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज चंबा से एमबीबीएस की डिग्री हासिल की और चिकित्सा क्षेत्र में मजबूत आधार बनाया।परिवार और क्षेत्रवासियों का कहना है कि शिवांगी ने साबित किया है कि कड़ी मेहनत और आत्मविश्वास के बल पर कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। उनकी सफलता से गांव में बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है।
शिवांगी के पिता शशी पाल ने कहा कि उन्हें अपनी बेटी पर गर्व है। उन्होंने युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प से हर सफलता संभव है। क्षेत्रवासियों ने शिवांगी को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि वह देश सेवा के इस दायित्व को पूरी निष्ठा से निभाएंगी।