Shimla –ऐतिहासिक रिज मैदान आज खेल और समाज सेवा के संगम का साक्षी बना, जब हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने अंतरराष्ट्रीय मुक्केबाज़ी प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। यह प्रतियोगिता हिमाचल प्रदेश पेशेवर मुक्केबाज़ी संघ द्वारा ‘नशा छोड़ो – खेल खेलो’ अभियान के तहत आयोजित की गई है, जिसका उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रखना और खेलों की ओर प्रेरित करना है।
राज्यपाल ने अपने संबोधन में कहा कि यह आयोजन केवल एक खेल प्रतिस्पर्धा नहीं, बल्कि नशामुक्त हिमाचल की दिशा में एक सशक्त कदम है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे खेलों को अपने जीवन का हिस्सा बनाएं, क्योंकि खेल न केवल शरीर को स्वस्थ रखते हैं, बल्कि मानसिक दृढ़ता और आत्मविश्वास भी प्रदान करते हैं।
इस मौके पर राज्यपाल ने पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि यह आयोजन उनके प्रति एक सम्मान और प्रेरणा का प्रतीक है। उन्होंने विशेष रूप से लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह की भी सराहना की, जो युवाओं में नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने के लिए सतत प्रयासरत हैं।कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल ने भारत और रूस के मुक्केबाज़ों के बीच रोमांचक मुकाबले का आनंद भी लिया।