गुरुग्राम। हरियाणा के सेक्टर-69 में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक युवक ने अपनी लिव-इन पार्टनर को बंधक बनाकर पीट-पीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और युवती को सुरक्षित निकालकर दिल्ली एम्स अस्पताल में भर्ती कराया। आरोपी प्रेमी शिवम को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पीड़िता GD गोयनका यूनिवर्सिटी में बायोटेक्नोलॉजी की छात्रा है और मूल रूप से त्रिपुरा की रहने वाली है। पुलिस के मुताबिक, देर रात पीड़िता की मां ने कॉल कर बताया कि उनकी 19 वर्षीय बेटी पर उसके लिव-इन पार्टनर ने हमला किया है। मां ने कहा कि झगड़े की शुरुआत आरोपी के शक से हुई, जिसके चलते मामूली कहासुनी हिंसक झड़प में बदल गई। आरोपी शिवम दिल्ली का रहने वाला है। पीड़िता के शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं, जिसके कारण उसे तुरंत एम्स रेफर किया गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पीड़िता और आरोपी की पहली मुलाकात सितंबर 2025 में हुई थी। दोनों पिछले कुछ महीनों से ग्रेट पीजी में साथ रह रहे थे और उनके परिवारों के बीच शादी को लेकर चर्चा भी चल रही थी। घटना की रात मामूली कहासुनी के बाद आरोपी ने गुस्से में युवती पर हमला कर दिया।
डीसीपी साउथ हितेश यादव ने बताया कि आरोपी अपने लिव-इन पार्टनर के चरित्र पर शक करके हिंसक हुआ। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मौके से सबूत जुटाए जा रहे हैं। साथ ही सीसीटीवी फुटेज की जांच भी की जा रही है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।