पलवल, 22 फरवरी-:प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम के 131वें एपिसोड का प्रसारण रविवार को देशभर में हुआ। इसी क्रम में पलवल के एक निजी स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में हरियाणा के खेल राज्यमंत्री गौरव गौतम बतौर मुख्यातिथि शामिल हुए। उनके साथ जिलाध्यक्ष विपिन बैंसला और अन्य कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। सभी ने सामूहिक रूप से कार्यक्रम को सुना।
कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत में खेल राज्यमंत्री ने कहा कि ‘मन की बात’ के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जनहित से जुड़े मुद्दों को देश के सामने रखते हैं, जिससे लोगों को प्रेरणा मिलती है। उन्होंने कहा कि हाल ही में आयोजित एआई इम्पैक्ट समिट का उद्देश्य आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस को कुछ देशों या कॉरपोरेट घरानों तक सीमित रखने के बजाय आम जनता के लिए सुलभ, समावेशी और जिम्मेदार बनाना है।कांग्रेस द्वारा एआई समिट को लेकर किए जा रहे विरोध पर उन्होंने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कांग्रेस अराजकता की राजनीति कर रही है और हर सकारात्मक पहल का विरोध करना उसकी आदत बन गई है।राज्यमंत्री ने बताया कि हरियाणा सरकार जल्द ही आम बजट पेश करेगी, जिसमें प्रदेश में खेलों को बढ़ावा देने के लिए विशेष प्रावधान किए जाएंगे। राज्य की खेल नीति के तहत खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं और संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे।
बुढ़ापा पेंशन को लेकर विपक्ष की बयानबाजी पर उन्होंने कहा कि विपक्षी दल पहले अपने शासनकाल का आंकलन करें कि उन्होंने कितनी बढ़ोतरी की थी और वर्तमान सरकार ने कितनी। वहीं मंत्री कृष्ण बेदी और अभय चौटाला के बीच चल रही बयानबाजी पर उन्होंने कहा कि सभी जनप्रतिनिधियों को सार्वजनिक जीवन में मर्यादा का ध्यान रखना चाहिए, क्योंकि जनता सब देखती और सुनती है।