पानीपत। हरियाणा के पानीपत जिले के इसराना क्षेत्र स्थित नौल्था गांव में बनी गीता यूनिवर्सिटी की कैंटीन में सोमवार को अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कैंटीन में चाय बनाते समय गैस सिलिंडर फट गया, जिसके बाद आग ने तेजी से पूरे परिसर को अपनी चपेट में ले लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सिलिंडर में विस्फोट के साथ ही तेज धमाका हुआ और कुछ ही मिनटों में आग की लपटें ऊंची उठने लगीं। उस समय कैंटीन में मौजूद कर्मचारी और छात्र घबराकर बाहर की ओर भागे। विश्वविद्यालय प्रशासन ने तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने तत्परता दिखाते हुए आग पर काबू पाया और स्थिति को नियंत्रित किया।
आग की चपेट में आने से कैंटीन के अंदर रखा फर्नीचर, किचन उपकरण, खाद्य सामग्री और अन्य सामान जलकर राख हो गया। हालांकि, राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई छात्र या कर्मचारी हताहत नहीं हुआ। समय रहते कैंटीन खाली करा ली गई, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
घटना के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने कैंपस में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा शुरू कर दी है। गैस सिलिंडरों और अन्य ज्वलनशील पदार्थों के सुरक्षित उपयोग को लेकर विशेष दिशा-निर्देश जारी किए जाने की बात कही जा रही है। फिलहाल प्रशासन आग लगने के सटीक कारणों की जांच कर रहा है।