शिमला, संजू-:हिमाचल प्रदेश के राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा हिमाचल के हितों के साथ खड़ी नहीं होती और उसका ध्यान केवल सत्ता पर केंद्रित रहता है। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी के नेता राजस्व घाटा अनुदान (RDG) की बहाली के पक्ष में भी खुलकर सामने नहीं आ रहे, जबकि यह प्रदेश का संवैधानिक अधिकार है।
नेगी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी RDG के मुद्दे को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती से उठाएगी। उन्होंने बीजेपी को “हिमाचल विरोधी” करार देते हुए कहा कि प्रदेश के आर्थिक हितों की रक्षा के बजाय भाजपा केवल राजनीतिक लाभ-हानि का हिसाब लगाती है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब प्रदेश को आर्थिक सहायता की आवश्यकता है, तब विपक्ष सकारात्मक भूमिका क्यों नहीं निभा रहा।राजस्व मंत्री ने हाल ही में आयोजित एआई समिट को लेकर भी केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि समिट में भारत की छवि को बढ़ा-चढ़ाकर पेश करने की कोशिश की गई और चीन में निर्मित उत्पादों को भारत का बताकर प्रदर्शित किया गया, जो दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि इस तरह की कोशिशें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश की विश्वसनीयता को प्रभावित कर सकती हैं।इसके साथ ही नेगी ने भारत मंडपम में यूथ कांग्रेस द्वारा किए गए प्रदर्शन का समर्थन करते हुए कहा कि विपक्ष में रहते हुए भाजपा नेता भी इसी प्रकार के लोकतांत्रिक विरोध प्रदर्शन करते रहे हैं। उन्होंने कहा कि विरोध जताना लोकतंत्र का हिस्सा है।
राज्यसभा की एक सीट पर होने वाले चुनाव को लेकर चल रही सियासी हलचल पर भी नेगी ने बीजेपी पर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि दो वर्ष पूर्व राज्यसभा चुनाव के दौरान प्रवर्तन निदेशालय (ED) का डर दिखाया गया था। उनका कहना था कि अल्पमत में होने के बावजूद बीजेपी को उम्मीदवार नहीं उतारना चाहिए था। नेगी ने आरोप लगाया कि भाजपा को संविधान पर पूरा विश्वास नहीं है और उसे कांग्रेस की बजाय अपनी आंतरिक गुटबाजी पर ध्यान देना चाहिए.