पलवल I पलवल में बैंक से रुपये निकालने वाले बुजुर्गों को निशाना बनाकर की जा रही करीब 27 ब्लाइंड लूट की वारदातों का क्राइम ब्रांच ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में गैंग के दो युवकों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
प्रेस वार्ता में डीएसपी अनिल कुमार ने बताया कि पुलिस अधीक्षक वरुण सिंगला के निर्देशन में जिले में अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में क्राइम ब्रांच प्रभारी निरीक्षक रविंद्र कुमार की टीम ने नागल ब्राह्मण गांव निवासी धर्मवीर के साथ हुई ब्लाइंड लूट सहित हरियाणा के विभिन्न जिलों में दर्ज 27 लूट मामलों का खुलासा किया।
शिकायतकर्ता धर्मवीर, जो गुडइयर कंपनी से सेवानिवृत्त हैं, ने बताया कि उनका बेटा थाईलैंड में नौकरी करता है और हाल ही में एक लाख रुपये उनके खाते में भेजे थे। वह अलावलपुर चौक स्थित पंजाब नेशनल बैंक से 40 हजार रुपये निकालकर लौट रहे थे, तभी दो युवक उन्हें बातों में उलझाकर पलवल रेलवे स्टेशन की ओर ले गए। वहां उन्हें जबरन जूस पिलाया गया, जिसमें नशीला पदार्थ मिला हुआ था। बेहोश होने के बाद आरोपी नकदी लेकर फरार हो गए।
कैंप थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। जांच के दौरान क्राइम ब्रांच ने कुरुक्षेत्र निवासी दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार आरोपी पहले बैंकों की रेकी करते थे और फिर बुजुर्ग ग्राहकों का पीछा कर उन्हें नशीला पदार्थ पिलाकर लूट की वारदात को अंजाम देते थे।
जांच में सामने आया कि आरोपियों के खिलाफ कुरुक्षेत्र, यमुनानगर, करनाल, अंबाला, कैथल और पंचकुला सहित कई जिलों में इसी तरह की करीब ढाई दर्जन वारदातें दर्ज हैं। पुलिस आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेकर लूट की रकम बरामद करने और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस गिरोह से जुड़े किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।