सिरसा। हिमाचल प्रदेश और पंजाब के बाद अब अंतरराज्यीय बच्चा तस्करी गिरोह के तार हरियाणा से भी जुड़े पाए गए हैं। देहरा पुलिस ने इस गिरोह के छह और सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जिनमें पांच महिलाएं शामिल हैं। अब तक कुल नौ लोग गिरफ़्तार किए जा चुके हैं।
गिरफ्तार आरोपियों में हरियाणा के सिरसा जिले के गांव कालेवाल निवासी किरण उर्फ काली भी शामिल हैं। अन्य आरोपी पंजाब और हिमाचल प्रदेश के विभिन्न इलाकों से हैं, जिनमें एक महिला की उम्र 60 वर्ष बताई गई है। पुलिस का मानना है कि इस गिरोह में और भी लोग शामिल हो सकते हैं।
पहले पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पुलिस टीम ने पंजाब के अलग-अलग इलाकों में दबिश दी। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया और उन्हें दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया। एसपी देहरा, मयंक चौधरी ने बताया कि पुलिस जल्द ही पूरे नेटवर्क को तोड़ेगी और मामले की गहन जांच जारी है।
जांच में सामने आया कि पुराना कांगड़ा निवासी दीपक आनंद ने संसारपुर टैरेस निवासी रोहित कुमार से संपर्क कर नवजात बच्चा उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया और इसके लिए 23,500 रुपये मांगे। रोहित ने 10,000 रुपये दिए, लेकिन बाद में ठगी का एहसास होने पर उसने पुलिस से शिकायत की। तकनीकी ट्रेसिंग के बाद दीपक आनंद और अन्य आरोपी गिरफ्तार किए गए।
हरियाणा की किरण उर्फ काली, जो मानसा जिले के वार्ड नंबर छह में रहती हैं, इस गिरोह की प्रमुख सदस्य मानी जा रही हैं। पूछताछ में पता चला कि गिरोह के अन्य सदस्य पंजाब और हिमाचल से हैं। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि बच्चे को फर्जी दस्तावेजों के साथ आगे बेचा गया या नहीं।
पुलिस ने बताया कि बच्चे के जन्म प्रमाणपत्र और वैक्सीन रिकॉर्ड से माता-पिता और बच्चे की पहचान की जाती है। अब यह जांच का विषय है कि गिरोह इन दस्तावेजों के बिना बच्चों को बेचता था या फर्जी प्रमाणपत्र बनाता था।