जींद। पूर्व सरपंच राजेंद्र शर्मा के साथ हुए विवाद के बाद हरियाणवी गायक मासूम शर्मा ने पहली बार सार्वजनिक रूप से अपनी प्रतिक्रिया दी है। अमृतसर में एक से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि राजेंद्र शर्मा उनके रिश्तेदार हैं। यदि उनके किसी शब्द से किसी को ठेस पहुंची हो तो वे अपने बयान वापस लेने को तैयार हैं।
मासूम शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान उन्होंने स्टेज पर बैठे लोगों से नीचे बैठकर कार्यक्रम देखने का अनुरोध किया था। इसी बीच किसी व्यक्ति की टिप्पणी से माहौल गरमा गया और बात बढ़ती चली गई। उन्होंने कहा कि एक व्यक्ति के बयान से पूरी पंचायत का प्रतिनिधित्व नहीं होता और इस मुद्दे को बेवजह तूल दिया जा रहा है।
यह विवाद सफीदों रोड पर आयोजित एक पारिवारिक कार्यक्रम के दौरान सामने आया, जहां उनकी बहन की 25वीं सालगिरह के मौके पर आयोजन किया गया था। कार्यक्रम में मुआना गांव के पूर्व सरपंच राजेंद्र शर्मा भी मौजूद थे। मासूम शर्मा ने कहा कि हरियाणा में हजारों सरपंच हैं और कुछ वीडियो के आधार पर किसी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं है।
गायक ने स्पष्ट किया कि उनका किसी का अपमान करने का इरादा नहीं था। उन्होंने कहा कि यदि किसी जनप्रतिनिधि या व्यक्ति को उनकी बात से आपत्ति हुई है तो वे उसे वापस लेने में संकोच नहीं करेंगे।