जोगिंद्रनगर (मंडी)। हिमाचल प्रदेश के जोगिंद्रनगर क्षेत्र में एक महिला का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। आरठी गांव के समीप झाड़ियों में 40 वर्षीय महिला की लाश बरामद होने के बाद पुलिस ने हत्या की आशंका जताते हुए मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।
मृतका की पहचान मणि देवी (40) निवासी गांव भजेरा, डाकघर द्रुब्बल के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार वह शहर से सटे आरठी गांव में कुछ समय से ठहरी हुई थी। अप्पर गरोडू क्षेत्र के पास स्थानीय लोगों ने झाड़ियों में एक महिला का शव देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल को घेरकर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए विनोद कुमार, पुलिस अधीक्षक मंडी, भी घटनास्थल पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि महिला को किसी ऊंचे स्थान से नीचे फेंका गया हो, हालांकि पुलिस आत्महत्या और हादसे की संभावना को भी खारिज नहीं कर रही है।
फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है, ताकि महिला की मौत से जुड़े कारणों का पता लगाया जा सके। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी गई है और हर पहलू को ध्यान में रखकर पड़ताल की जा रही है।