बिलासपुर। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस थाना घुमारवीं की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर बलोह टोल प्लाजा के समीप एक कार से 949 ग्राम चरस बरामद की है। इस मामले में हरियाणा के दो युवकों को मौके पर गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार टोल प्लाजा के पास विशेष नाकाबंदी कर फोरलेन से गुजरने वाले वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान मंडी की ओर से आ रही एक कार को संदेह के आधार पर रुकवाया गया। प्रारंभिक पूछताछ में चालक संतोषजनक जवाब नहीं दे सका, जिसके बाद वाहन की तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान कार के डैशबोर्ड से 949 ग्राम चरस बरामद हुई। बरामदगी के बाद वाहन में सवार दोनों युवकों को हिरासत में ले लिया गया। आरोपियों की पहचान विकास (29) पुत्र चांद सिंह और सोमबीर (27) पुत्र रामफल, निवासी गांव अलादादरपुर, थाना गुहाना, जिला सोनीपत (हरियाणा) के रूप में हुई है।
घुमारवीं पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद मादक पदार्थ कहां से लाया जा रहा था और इसे कहां सप्लाई किया जाना था।
एसपी संदीप धवल ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए जिले में अभियान लगातार जारी रहेगा और तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।