लुधियाना। महानगर में चोरी की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। पुलिस गश्त के दावों के बीच एक बार फिर बेखौफ चोरों ने बंद घर को निशाना बनाकर लाखों रुपये के जेवर और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना उस समय हुई जब परिवार घर पर ताला लगाकर राजस्थान के जोधपुर गया हुआ था।
मुंडिया कलां निवासी शिकायतकर्ता विकास गुप्ता ने बताया कि वह 21 फरवरी को परिवार सहित घर बंद कर जोधपुर गए थे। वहां पहुंचने के कुछ ही समय बाद परिचित राहुल का फोन आया, जिसने बताया कि उनके घर के ताले टूटे हुए हैं और अंदर चोरी हो चुकी है। सूचना मिलते ही परिवार तुरंत लुधियाना लौट आया।
घर पहुंचने पर देखा कि कमरों का सामान बिखरा पड़ा था और अलमारियों के लॉकर तोड़े गए थे। जांच में सामने आया कि चोर सोने-चांदी के कीमती आभूषण, नकदी, सिक्के और चांदी के बर्तन चोरी कर ले गए। इतना ही नहीं, घर में रखा एक मोबाइल फोन भी अपने साथ ले गए।
सूचना मिलते ही थाना जमालपुर पुलिस मौके पर पहुंची और फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों की मदद से साक्ष्य जुटाने का प्रयास किया। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान और उनके भागने के रास्ते का पता लगाया जा सके। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।