अंबाला। बलदेव नगर थाना पुलिस ने भाजपा नेता और हरियाणा गुरुद्वारा प्रबंधन समिति के पूर्व सदस्य हरपाल कंबोज के खिलाफ धोखाधड़ी और जान से मारने की धमकी का मामला दर्ज किया है। शिकायत कांग्रेस के शहरी जिलाध्यक्ष परविंदर सिंह परी और कारोबारी रमन अग्रवाल ने दर्ज कराई थी। मामला कुल 27.13 लाख रुपये की ठगी से जुड़ा है।
एफआईआर के अनुसार, आरोपी हरपाल कंबोज ने अपनी पत्नी बलजीत कौर, नसीब सिंह, प्रॉपर्टी डीलर रवि कत्याल और अभिनव गर्ग के साथ मिलकर शिकायतकर्ताओं को झांसा दिया। आरोप है कि कंबोज ने एनएच-152, गांव जमीतगढ़, तहसील घनौर (जिला पटियाला, पंजाब) में जमीन दिलाने का सौदा किया और 9300 रुपये प्रति वर्ग गज के हिसाब से 1950 वर्ग गज जमीन के लिए 25 लाख रुपये और स्टांप शुल्क के लिए 2.13 लाख रुपये ले लिए।
शिकायत में कहा गया कि जमीन की रजिस्ट्री टालते-टालते अंततः कंबोज की पत्नी के नाम करवा दी गई। जब शिकायतकर्ताओं ने पैसे वापस मांगे, तो उन्हें राजनीतिक संरक्षण का हवाला देकर धमकाया गया और झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी दी गई।
शिकायत के अनुसार, सौदे के दौरान पंजाबी भाषा में तैयार किए गए दस्तावेज़ों को सही बताया गया जबकि शिकायतकर्ताओं को पंजाबी नहीं आती थी। आरोप है कि उन्हें विश्वास दिलाकर ठगी की गई और राजनीतिक दबाव दिखाकर डराया गया।
इस मामले में भाजपा नेता हरपाल कंबोज ने अपने बेटे अमरेंद्र सिंह के माध्यम से कहा कि यह केवल आपसी लेन-देन का मामला है और उन्होंने कोई धोखाधड़ी नहीं की। उन्होंने दावा किया कि पहले एसपी कार्यालय और जिला न्यायालय की ओर से उन्हें क्लीन चिट मिल चुकी थी, लेकिन शिकायतकर्ता ने बाद में डीएसपी क्राइम को शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई जारी है। इस घटना ने अंबाला में राजनीतिक और व्यावसायिक जगत में हलचल मचा दी है।