नई दिल्ली | सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को सोने और चांदी की कीमतों में तेजी दर्ज की गई। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर 10 ग्राम सोना 1,268 रुपये की बढ़त के साथ 1,60,941 रुपये पर कारोबार करता दिखाई दिया। वहीं चांदी की कीमत में 5,241 रुपये का उछाल आया और यह 2,67,432 रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंच गई।
हालांकि इससे पहले गुरुवार को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के सर्राफा बाजार में सोना और चांदी दोनों की कीमतों में बड़ी गिरावट देखी गई थी। अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 7,600 रुपये प्रति 10 ग्राम सस्ता होकर 1,65,200 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी कर सहित) पर आ गया। पिछले कारोबारी सत्र में यह 1,72,800 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।
इसी तरह चांदी की कीमत में भी भारी गिरावट दर्ज की गई। चांदी 27,700 रुपये या करीब 9.23 प्रतिशत टूटकर 2,72,300 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। बाजार विशेषज्ञों के अनुसार अंतरराष्ट्रीय हालात और निवेशकों की रणनीति में बदलाव के कारण कीमती धातुओं के दामों में उतार-चढ़ाव बना हुआ है।
लेमन मार्केट्स डेस्क के शोध विश्लेषक गौरव गर्ग ने बताया कि अमेरिका, इज़राइल और ईरान के बीच बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव के कारण सुरक्षित निवेश की मांग बढ़ी, लेकिन ऊंचे स्तर पर मुनाफावसूली के चलते चांदी की कीमतों में तेज उतार-चढ़ाव देखने को मिला।
वहीं एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ जिंस विश्लेषक सौमिल गांधी के मुताबिक कमजोर वैश्विक संकेतों और भारतीय रुपये की मजबूती के कारण गुरुवार को घरेलू सर्राफा बाजार में सोने की कीमतों पर दबाव बना रहा। उल्लेखनीय है कि होली के कारण मंगलवार और बुधवार को सर्राफा बाजार बंद रहे थे, जिसके बाद बाजार खुलने पर कीमतों में तेज हलचल देखने को मिली।