मोनिका रावत , पंचकूला। बॉलीवुड सिंगर बादशाह की पीछे पंचकूला पुलिस पड़ गई है। गीतों में आपत्तिजनक सामग्री के प्रसार के खिलाफ हरियाणा पुलिस ने गायक बादशाह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पंचकूला पुलिस ने उनके हाल ही में जारी गीत/वीडियो टटीहरी के मामले में शिकायतदर्ज करते हुए उनके खिलाफ लुक आउट सर्कुलर जारी कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है, ताकि आरोपी देश छोड़कर बाहर न जा सके। इसके साथ ही पंचकूला पुलिस ने संबंधित वीडियो को सभी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से हटवाने के लिए नोटिस जारी किए हैं|
आपत्तिजनक कंटेंट को लेकर मामला दर्ज
इस संबंध में साइबर थाना सेक्टर-20, पंचकूला में FIR नंबर 28, दिनांक 06 मार्च 2026 के तहत धारा 296 भारतीय न्याय संहिता (BNS) तथा इंडिसेंट रिप्रेजेंटेशन ऑफ वीमेन (प्रोहिबिशन) एक्ट, 1986 की धारा 3 व 4 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार वीडियो में स्कूल यूनिफॉर्म पहने नाबालिग बच्चियों को स्कूल बैग फेंकते हुए और पढ़ाई से दूर भागते हुए दिखाया गया है। साथ ही “बादशाला” जैसे शब्दों का प्रयोग कर स्कूल और शिक्षा के माहौल को गलत तरीके से प्रस्तुत किया गया है। इसके अतिरिक्त गीत में महिलाओं और लड़कियों के प्रति आपत्तिजनक व अशोभनीय शब्दों का प्रयोग भी पाया गया है।
हरियाणा रोडवेज बस और सरकारी स्कूल के उपयोग की जांच
जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि वीडियो में जींद डिपो की हरियाणा रोडवेज बस दिखाई गई है। पुलिस यह जांच कर रही है कि बस को वीडियो में दिखाने के लिए संबंधित विभाग से विधिवत अनुमति ली गई थी या नहीं। यदि बिना अनुमति बस का उपयोग किया गया पाया गया, तो संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ धारा 120-बी के तहत भी कार्रवाई की जाएगी।
इसी प्रकार वीडियो में एक सरकारी स्कूल परिसर को भी दर्शाया गया है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि शूटिंग के लिए सक्षम प्राधिकारी से अनुमति ली गई थी या नहीं। यदि बिना अनुमति सरकारी परिसर का उपयोग किया गया पाया गया, तो संबंधित जिम्मेदार व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।