अंबाला। रेलवे रोड पर लापरवाही से चलाए जा रहे एक लोडिंग आटो ने अचानक कट मारने से दो भाइयों को सड़क पर गिरा दिया। हादसे में गगन मल्होत्रा (35) का घुटना टूट गया, जबकि उसका भाई शुभम बाल-बाल बच गया। आटो चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
गगन ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह और उसका भाई 25 फरवरी की शाम एक्टिवा से मानव चौक की ओर जा रहे थे। रेलवे रोड स्थित शर्मा ढाबा के पास पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे लोडिंग आटो ने अचानक उनकी एक्टिवा के सामने कट मार दिया। इसी दौरान आटो की कंडक्टर साइड की खिड़की एक्टिवा से टकरा गई, जिससे गाड़ी का संतुलन बिगड़ गया और दोनों भाई सड़क पर गिर पड़े।
हादसे में गगन को गंभीर चोटें आईं, जबकि शुभम को मामूली चोटें आईं। आसपास के लोगों ने मदद की और गगन को प्राथमिक उपचार के बाद सिविल अस्पताल अंबाला में भर्ती कराया गया, जहां जांच में उसके घुटने के टूटने की पुष्टि हुई। पुलिस ने घायल की शिकायत पर लापरवाह आटो चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।