मंडी, धर्मवीर -: वल्लभ कॉलेज मंडी में बीएड का कोर्स बंद होने पर यहां प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे प्रशिक्षुओं ने वीरवार को शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर के समक्ष प्रदर्शन करके इस कोर्स को दोबारा बहाल करने की गुहार लगाई। बता दें कि शर्तों को पूरा न कर पाने के चलते हाईकोर्ट के आदेशों के बाद सरदार पटेल यूनिवर्सिटी ने वल्लभ कॉलेज मंडी में चल रहे बीएड के कोर्स को बंद करने का आदेश जारी कर दिया है।
यहां 100 प्रशिक्षु कर रहे थे शिक्षा ग्रहण, अब अचानक कोर्स बंद होने से हो गए हैं परेशान
इस कॉलेज में बीएड की 100 सीटें हैं। यहां बीएड का कोर्स कर रहे प्रशिक्षु अब बीच मंझधार में फंस कर रह गए हैं। यूनिवर्सिटी ने इन्हें दूसरे कॉलेजों में शिफ्ट होने की सलाह दी है। इस बात को लेकर बीएड प्रशिक्षु भड़क गए हैं। वीरवार को शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर इसी कॉलेज के समारोह में शामिल होने पहुंचे थे और उनके समक्ष बीएड प्रशिक्षुओं ने धरना देकर न्याय की गुहार लगाई। बीएड प्रशिक्षु शेष राम, रितिका ठाकुर और प्रिक्षु ने बताया कि अचानक से इस तरह का फैसला लेकर यूनिवर्सिटी और कॉलेज प्रबंधन ने इन्हें पूरी तरह से मंझधार में फंसा दिया है। यहां इन्हें सरकारी खर्च पर शिक्षा मिल रही थी जबकि दूसरे कॉलेजों में जाने पर इन्हें ज्यादा फीस और अन्य खर्चों की भरपाई करनी पड़ेगी। इन्होंने इसके लिए यूनिवर्सिटी प्रबंधन को जिम्मेदार ठहरातें हुए प्रदेश सरकार से इस कोर्स को फिर से बहाल करने की मांग उठाई है।
वहीं, शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने बताया कि यह मामला काफी गंभीर है और जिला के नेताओं ने भी इस विषय पर अपनी बात रखी है। उन्होंने कहा कि वे शिमला में सीएम के समक्ष इस विषय को प्रमुखता से रखकर कोई न कोई समाधान निकालने का प्रयास करेंगे।