Summer Express,फरीदाबाद। हरियाणा के फरीदाबाद में एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए छांयसा थाने के एडिशनल एसएचओ और एसआई प्रदीप को 40 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी अधिकारी सड़क दुर्घटना के एक मामले में कार्रवाई करने के बदले शिकायतकर्ता से पैसे की मांग कर रहा था। फिलहाल एसीबी पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार गांव छांयसा निवासी संजय के चचेरे भाई की वैन से 13 फरवरी को एक सड़क हादसा हो गया था। इस दुर्घटना में बाइक सवार रोहित और उसका मामा घायल हो गए थे। घटना के बाद पीड़ित पक्ष की शिकायत पर छांयसा थाने में वैन चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था, जिसकी जांच एसआई प्रदीप कर रहे थे।
बताया जा रहा है कि दोनों पक्ष एक ही गांव के रहने वाले थे, इसलिए आपसी बातचीत के बाद उनके बीच समझौता हो गया। समझौते की जानकारी पुलिस को भी दे दी गई थी। आरोप है कि समझौते के आधार पर केस को रद्द करने के बदले एसआई प्रदीप ने संजय के चचेरे भाई से 40 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की।
इस पर संजय ने मामले की शिकायत एंटी करप्शन ब्यूरो से कर दी। शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने योजना बनाकर जाल बिछाया और गुरुवार रात छांयसा थाने में ही आरोपी अधिकारी को 40 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया।
एसीबी ने आरोपी पुलिस अधिकारी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है और पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच जारी है।