Summer Express, अंबाला | हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने राज्यसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं द्वारा अपने विधायकों को हिमाचल प्रदेश के कुफरी भेजना इस बात का संकेत है कि उन्हें अपने ही विधायकों पर भरोसा नहीं है।
मीडिया से बातचीत करते हुए विज ने कहा कि जिस तरह हुड्डा ने कांग्रेस विधायकों को कुफरी भेजा, उससे साफ जाहिर होता है कि पार्टी के भीतर डर का माहौल है। विज ने तंज कसते हुए कहा कि यदि किसी नेता को अपने विधायकों को इस तरह एक जगह बांधकर रखना पड़े, तो इसका मतलब है कि उसे अपने ही विधायकों के टूटने का भय है।
उन्होंने कहा कि राज्यसभा चुनाव में भाजपा पूरी तरह मजबूत स्थिति में है और पार्टी दोनों सीटों पर जीत दर्ज करेगी। विज के अनुसार विपक्ष के पास संख्या बल नहीं है, इसलिए वे अपने विधायकों को एकजुट रखने के लिए इस तरह के कदम उठा रहे हैं।
इस दौरान विज ने लोकतांत्रिक प्रक्रिया पर भी जोर देते हुए कहा कि मतदान हर विधायक का अधिकार और जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि सभी विधायकों को स्वतंत्र रूप से अपने मताधिकार का प्रयोग करना चाहिए।
गौरतलब है कि हरियाणा में राज्यसभा की दो सीटों के लिए मतदान हो रहा है। चुनाव को लेकर राजनीतिक हलचल तेज है और सभी दल अपने विधायकों को एकजुट रखने में जुटे हुए हैं। इसी कड़ी में कांग्रेस के विधायकों को हिमाचल प्रदेश के कुफरी में ठहराया गया है, जिस पर अब भाजपा नेता लगातार सवाल उठा रहे हैं।