Summer Express, अंबाला | हरियाणा के अंबाला जिले के मुलाना क्षेत्र में नकाबपोश बदमाशों ने दिनदहाड़े लूट की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार युवकों ने एक कर्मचारी को रोककर उससे करीब 4 लाख 74 हजार रुपये से भरा बैग छीन लिया और मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार साबापुर गांव निवासी खुशी राम पिछले करीब पांच वर्षों से विभिन्न वित्तीय कंपनियों का नकद राशि बैंक में जमा कराने का काम करता है। वह बराड़ा स्थित मुथूट माइक्रोफिन फाइनेंस, उज्जीवन स्मॉल फाइनेंस बैंक और चेतन्या फाइनेंस साहा का कैश रोजाना भारतीय स्टेट बैंक की सीडीएम मशीन में जमा कराता है।
बताया गया कि उज्जीवन स्मॉल फाइनेंस बैंक के कर्मचारी रजत ने उसे बैंक का कैश सौंपा था। जब खुशी राम ने मुथूट माइक्रोफिन फाइनेंस और उज्जीवन बैंक का कैश मिलाकर देखा तो कुल रकम 4,74,050 रुपये निकली। वह इस राशि को जमा कराने के लिए बराड़ा स्थित एसबीआई की सीडीएम मशीन पर पहुंचा, लेकिन मशीन बंद हो चुकी थी।
इसके बाद वह पूरी नकदी बैग में रखकर अपनी मोटरसाइकिल से गांव साबापुर की ओर लौट रहा था। इसी दौरान जब वह दोसड़का के पास रेस्ट हाउस के नजदीक होली गांव जाने वाली सड़क पर पहुंचा, तभी दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार युवकों ने उसका रास्ता रोक लिया। सभी बदमाशों ने अपने चेहरे ढके हुए थे।
आरोपियों ने पीड़ित के साथ धक्का-मुक्की की और उसे जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद वे उससे रुपये से भरा बैग छीनकर फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित ने तुरंत डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही मुलाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के क्षेत्र में जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार ने बताया कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया है।