Summer Express, हिसार | हरियाणा के हिसार जिले में पारिवारिक विवाद के चलते एक व्यक्ति की हत्या का मामला सामने आया है। टिब्बा दानाशेर क्षेत्र में जीजा ने अपने साले के सिर पर ईंट से हमला कर दिया, जिससे गंभीर रूप से घायल व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान 57 वर्षीय कुलदीप के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि कुलदीप का अपने जीजा सुनील के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद के दौरान सुनील ने गुस्से में आकर कुलदीप के सिर पर ईंट से वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के समय कुलदीप की बहन पूजा घर पर मौजूद नहीं थी। पूजा ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह मजदूरी करने के लिए महाबीर कॉलोनी गई हुई थी। घर पर उसका पति सुनील और भाई कुलदीप ही थे। जब वह शाम को घर लौटी तो मकान मालकिन ने बताया कि दोनों के बीच झगड़ा हुआ था, जिसमें सुनील ने कुलदीप के सिर पर ईंट मार दी और मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद घायल कुलदीप को पहले नागरिक अस्पताल ले जाया गया। वहां से हालत गंभीर होने के कारण उसे मेडिकल कॉलेज अग्रोहा रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान रविवार को उसकी मौत हो गई।
मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज अग्रोहा में रखवाया गया है। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार एचटीएम थाना पुलिस ने आरोपी सुनील के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और मामले की जांच जारी है। आरोपी की तलाश के लिए पुलिस की टीमों को लगाया गया है।