Summer Express, गुरुग्राम | शहर में चल रहे मेट्रो निर्माण कार्य के बीच सुरक्षा व्यवस्थाओं में लापरवाही एक बार फिर सामने आई है। मंगलवार सुबह सुभाष चौक के पास सड़क के बीच लगाए गए बैरिकेड से टकराकर एक कार पलट गई। हालांकि, इस हादसे में चालक बाल-बाल बच गया और समय रहते उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घटना सुबह उस समय हुई जब कार सुभाष चौक से गुजर रही थी। बताया जा रहा है कि सड़क के बीच लगाए गए बैरिकेड्स में से एक का हिस्सा तिरछा था, जो दूर से स्पष्ट दिखाई नहीं दे रहा था। जैसे ही कार उस स्थान पर पहुंची, चालक का संतुलन बिगड़ गया और वाहन सीधे बैरिकेड से टकराकर पलट गया।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मदद के लिए दौड़ लगाई। कार में फंसे चालक को बाहर निकालने के लिए लोगों ने वाहन का शीशा तोड़ा और काफी मशक्कत के बाद उसे सुरक्षित बाहर निकाला। राहत की बात यह रही कि चालक को कोई गंभीर चोट नहीं आई।
स्थानीय निवासियों ने प्रशासन और निर्माण एजेंसियों पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि मेट्रो निर्माण के दौरान कई जगह बैरिकेड्स ठीक से नहीं लगाए गए हैं और न ही पर्याप्त संकेतक या रिफ्लेक्टर लगाए गए हैं, जिससे रात या सुबह के समय दुर्घटना का खतरा और बढ़ जाता है।
गौरतलब है कि हुडा सिटी सेंटर से पुराने गुरुग्राम तक मेट्रो विस्तार का कार्य जारी है। इसके चलते कई प्रमुख सड़कों के बीचों-बीच बैरिकेडिंग की गई है। ऐसे में सुरक्षा मानकों का पालन न होना आम लोगों की जान के लिए खतरा बनता जा रहा है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तुरंत व्यवस्था सुधारने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों से बचा जा सके।