Summer express /धर्मशाला, राहुल -:नगर निगम धर्मशाला ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 159 करोड़ 85 लाख 10 हजार रुपये का बजट पेश किया है। महापौर नीनू शर्मा ने बुधवार को बजट प्रस्तुत करते हुए शहर के विकास, आय बढ़ाने और सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान देने की बात कही। पिछले वित्तीय वर्ष 2025-26 में निगम का बजट 141 करोड़ रुपये था, जिससे इस बार उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है।
बजट में निगम ने लंबित कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने का लक्ष्य रखा है। 31 मार्च तक प्रॉपर्टी सर्वे का शेष 15 प्रतिशत कार्य पूरा किया जाएगा। इसके बाद अप्रैल से वर्ष 2020 से लंबित हाउस टैक्स की वसूली शुरू की जाएगी। मर्ज एरिया के निवासियों को ध्यान में रखते हुए टैक्स में छूट देने का भी प्रावधान किया जाएगा, जिस पर अंतिम निर्णय वित्त समिति की बैठक में लिया जाएगा।नगर निगम अपनी आय बढ़ाने के लिए नए स्रोतों पर भी काम करेगा। पिछले वर्ष निगम को अपेक्षा से करीब 3 करोड़ रुपये अधिक आय हुई थी, जबकि इस वर्ष 10 करोड़ रुपये अतिरिक्त आय का लक्ष्य रखा गया है। गृह कर प्रणाली का 85 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है और इसे इस वित्तीय वर्ष में पूरे शहर में लागू किया जाएगा।
निगम की संपत्तियों के लीज और एग्रीमेंट के लिए नए किराया निर्धारण से आय में बढ़ोतरी की उम्मीद है। साथ ही, शहर में पार्किंग स्थलों से भी राजस्व बढ़ाने की योजना बनाई गई है। सीवरेज व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए केंद्र सरकार को 200 करोड़ रुपये का प्रस्ताव भेजा जाएगा।शहर में डिजिटल सुविधाओं को बढ़ावा देने के लिए “माई धर्मशाला” ऐप लॉन्च किया जाएगा। सफाई कर्मियों के कल्याण के लिए 10 लाख रुपये का प्रावधान कर “सफाई साथी कल्याण बोर्ड” का गठन किया जाएगा। स्वच्छता, खेल और बेसहारा पशुओं के लिए भी अलग-अलग बजट निर्धारित किए गए हैं, जिससे शहर को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने की दिशा में काम किया जाएगा।