Summer Express,फरीदाबाद | नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट बनकर तैयार हो गया है और इसका उद्घाटन 28 मार्च को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे। हालांकि, फरीदाबाद से एयरपोर्ट की सीधी कनेक्टिविटी के लिए बन रहे ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे का निर्माण अभी पूरा नहीं हुआ है।
परियोजना के एक हिस्से को जुलाई तक तैयार करने का लक्ष्य है, लेकिन एयरपोर्ट तक जाने के लिए फरीदाबाद और आसपास के शहरवासियों को अभी और इंतजार करना होगा। एक्सप्रेसवे के दूसरे हिस्से यानी कुंडली-गाजियाबाद-पलवल से दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे तक का काम अगले साल तक पूरा होने की उम्मीद है।
इस बीच, कुंडली-गाजियाबाद-पलवल एक्सप्रेसवे वाले हिस्से पर तेजी से निर्माण जारी है। हाल ही में केंद्र सरकार ने इस हिस्से की बढ़ी हुई लागत की मंजूरी दी है, जिससे निर्माण में तेजी आई है।
पहले इस परियोजना की कुल लागत 1,660 करोड़ रुपए थी, लेकिन अब एलिवेटेड सेक्शन बनाने के कारण यह बढ़कर 3,630.77 करोड़ रुपए हो गई है। आठ किलोमीटर लंबा एलिवेटेड मार्ग साहुपुरा सेक्टर-65 से सोतई-बहबलपुर गांव तक बनाया जा रहा है।
ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे के लिए मोहना गांव में इंटरचेंज भी बनाया जा रहा है। इसके पिलर खड़े कर दिए गए हैं और अप्रोच रोड का निर्माण भी जारी है। यह इंटरचेंज कुंडली-गाजियाबाद-पलवल एक्सप्रेसवे और ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे को जोड़ देगा, साथ ही आसपास के ग्रामीण इसका इस्तेमाल कर सकेंगे।
यमुना नदी पर भी छह लेन का पुल बन रहा है, जो जून तक पूरा होने की उम्मीद है। कुल मिलाकर 31 किलोमीटर लंबा यह मार्ग उत्तर प्रदेश में 7 किलोमीटर और हरियाणा में 24 किलोमीटर फैला होगा।
कनेक्टिविटी की योजना के अनुसार, ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे से शुरू होकर कुंडली-गाजियाबाद-पलवल मार्ग के जरिए नोएडा एयरपोर्ट से जुड़ेगा। इसके अलावा, नोएडा एयरपोर्ट से इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट और यमुना एक्सप्रेसवे की भी सीधी कनेक्टिविटी सुनिश्चित की जाएगी।
एनएचएआइ के परियोजना निदेशक धीरज सिंह ने बताया कि एक हिस्से का निर्माण तय समय पर पूरा कर लिया जाएगा और पूरी परियोजना के पूर्ण होने से फरीदाबाद और आसपास के क्षेत्रों की एयरपोर्ट कनेक्टिविटी बेहद आसान हो जाएगी।