Summer Express,जींद |हरियाणा के जीटी बेल्ट में पेट्रोल-डीजल की उपलब्धता को लेकर असमंजस की स्थिति बन गई है। जींद जिले में 20 से अधिक पेट्रोल पंप पूरी तरह ड्राई हो चुके हैं, जबकि 60 से ज्यादा पंप सीमित स्टॉक के सहारे चल रहे हैं। हालात ऐसे बने कि कई लोग बोतल और डिब्बों में पेट्रोल भरवाकर ले जाते नजर आए।
सोनीपत में भी शुक्रवार सुबह किल्लत की अफवाह फैलते ही पेट्रोल पंपों पर अचानक भीड़ उमड़ पड़ी। लोगों ने एहतियात के तौर पर वाहनों में ईंधन भरवाना शुरू कर दिया, जिससे कुछ स्थानों पर लंबी कतारें लग गईं।
फतेहाबाद जिले के रतिया क्षेत्र में भी स्थिति चिंताजनक रही, जहां तीन पेट्रोल पंपों का स्टॉक खत्म हो गया, जबकि अन्य पंपों पर वाहनों की लंबी लाइनें देखी गईं।
इस स्थिति के पीछे एक बड़ा कारण तेल कंपनियों द्वारा पंप संचालकों की क्रेडिट लिमिट खत्म करना बताया जा रहा है। करनाल समेत जीटी बेल्ट के अधिकांश पंपों को अब उधार पर तेल नहीं मिल रहा। पहले संचालकों को पांच दिन तक का क्रेडिट मिलता था, लेकिन अब केवल नकद भुगतान पर ही सप्लाई दी जा रही है।
हालांकि, तेल कंपनियों के अधिकारियों का कहना है कि राज्य में पेट्रोल-डीजल की कोई वास्तविक कमी नहीं है। इंडियन ऑयल के उप महाप्रबंधक अनिल के मुताबिक, मांग के अनुसार आपूर्ति की जा रही है और जहां अत्यधिक आवश्यकता होती है, वहां सीमित उधार भी दिया जा रहा है।