Summer Express,फरीदाबाद | उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के राठ कस्बे के एक युवक के साथ हरियाणा के फरीदाबाद में अमानवीय अत्याचार का मामला सामने आया है। आरोप है कि काम दिलाने के बहाने बुलाकर 20 वर्षीय युवक को बंधक बनाया गया और उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई। घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
जानकारी के अनुसार, राठ के भटियाना मोहल्ला निवासी संदीप को दो युवक फरीदाबाद के गांधी नगर इलाके में ले गए, जहां उसे बंधक बनाकर प्रताड़ित किया गया। वायरल वीडियो में संदीप बेहोशी की हालत में जमीन पर पड़ा दिखाई दे रहा है, जबकि आरोपी उसे लात-घूंसों और झाड़ू से पीटते नजर आ रहे हैं। इतना ही नहीं, आरोपियों ने उसकी गर्दन पर पैर रखकर दबाया और आंखों में मिर्च डालने जैसी क्रूर हरकत भी की।
वीडियो में पीड़ित की हालत गंभीर दिखाई दे रही है, उसके मुंह से खून निकलता दिख रहा है और आरोपी पूरी घटना का वीडियो बनाते भी नजर आ रहे हैं। इस घटना ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी है।
पीड़ित के बड़े भाई आशीष के अनुसार, यह घटना 18 फरवरी 2026 की है और फरीदाबाद के गांधी नगर कॉलोनी में हुई थी। उन्होंने इस मामले में शिकायत दर्ज कराई है।
वहीं, राठ कोतवाली प्रभारी राकेश सिंह ने बताया कि मामला फरीदाबाद क्षेत्र से जुड़ा है और परिजनों की ओर से शिकायत प्राप्त हुई है। संबंधित क्षेत्र की पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।