Summer express,पलवल | पलवल के गांव पातली में पुरानी रंजिश के चलते फायरिंग की बड़ी घटना सामने आई है। इस दौरान हुई गोलीबारी में एक पक्ष के दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें आरोपियों द्वारा अंधाधुंध फायरिंग करते हुए देखा जा सकता है।
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी नरेश कुमार ने आरोप लगाया है कि गांव के ही रहने वाले राजकुमार, चंद्रपाल और उनके परिवार के सदस्य लंबे समय से उनसे रंजिश रखते हैं। इसी विवाद के चलते आरोपी अपने साथियों के साथ हथियारों से लैस होकर उनके घर के बाहर पहुंचे और अचानक फायरिंग शुरू कर दी। इस हमले में नरेश के दो भाई प्रदीप और शितेंद्र को गोली लग गई, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
नरेश कुमार का कहना है कि आरोपियों ने पहले भी उनके परिवार पर जानलेवा हमले किए हैं और इस संबंध में पहले पुलिस को शिकायत दी गई थी। इसके बावजूद कोई ठोस कार्रवाई न होने के कारण आरोपियों के हौसले बढ़ गए और उन्होंने फिर से इस वारदात को अंजाम दिया। उन्होंने यह भी बताया कि होली के दौरान भी विवाद हुआ था।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। वहीं, सरकारी अस्पताल के डॉक्टर अमित कुमार के अनुसार, गोली लगने से घायल दो युवकों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है। इसके अलावा एक अन्य व्यक्ति भी इस झड़प में घायल हुआ है, जिसका इलाज चल रहा है।
फिलहाल शहर थाना पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान और कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।