Summer express,कैथल | हरियाणा के कैथल जिले में उस समय हड़कंप मच गया जब एक नशे में धुत युवक ने रोडवेज बस में जमकर उत्पात मचाया। युवक की हरकतों से परेशान होकर बस चालक और परिचालक ने सूझबूझ दिखाते हुए बस को सीधे सिविल लाइन थाना ले जाकर खड़ा कर दिया। इस दौरान बस में सवार दर्जनों यात्री भय और असहजता की स्थिति में नजर आए।
जानकारी के अनुसार, हिसार डिपो की यह बस हिसार से चंडीगढ़ की ओर जा रही थी। जब बस कलायत पहुंची, तभी एक युवक उसमें सवार हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, युवक ने संभवतः किसी प्रकार का सूखा नशा कर रखा था और बस में चढ़ते ही उसने यात्रियों को परेशान करना शुरू कर दिया। वह कभी मोबाइल से यात्रियों की वीडियो बनाने लगता तो कभी उन्हें चुप रहने की धमकी देता। नशे की हालत में उसका व्यवहार लगातार आक्रामक होता गया, जिससे बस के अंदर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मामला तब और बढ़ गया जब युवक बस के आगे आकर खड़ा हो गया और चालक को बस आगे बढ़ाने से रोकने लगा। उसने चुनौती दी कि वह बस को आगे नहीं जाने देगा। स्थिति बिगड़ती देख चालक ने बस स्टैंड पुलिस चौकी को सूचना दी। मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने युवक को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह टस से मस नहीं हुआ और अपना नाम-पता भी नहीं बता रहा था।
सुरक्षा को देखते हुए चालक ने बस को सीधे सिविल लाइन थाने ले जाने का निर्णय लिया। वहां पहुंचने पर पुलिस ने पहले यात्रियों को सुरक्षित नीचे उतारा और फिर घेराबंदी कर नशे में धुत युवक को बस से बाहर निकालकर हिरासत में ले लिया। इस दौरान बस स्टैंड पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
सिविल लाइन थाना प्रभारी रामनिवास ने बताया कि परिचालक की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि युवक ने किसी प्रकार के सूखे नशे का सेवन किया था। फिलहाल पुलिस आरोपी की पहचान और उसके बस में सवार होने के उद्देश्य की जांच कर रही है तथा उसे गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।