Summer Express,कांगड़ा | कांगड़ा पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान अवैध शराब की बड़ी खेप पकड़ने में सफलता हासिल की है। यह कार्रवाई डीएसपी अंकित शर्मा और थाना प्रभारी संजीव कुमार के नेतृत्व में की गई। पुलिस टीम ने कांगड़ा बाईपास के पास हनुमान मंदिर के समीप लगाए गए नाके पर एक पिकअप वाहन (नंबर HP-90-1656) को जांच के लिए रोका।
तलाशी के दौरान वाहन से भारी मात्रा में अवैध देशी शराब बरामद हुई। पुलिस के अनुसार गाड़ी में 149 पेटी देशी शराब (मार्का वी आर वी संतरा) पाई गई, जिसकी कुल मात्रा लगभग 13,41,000 मिलीलीटर बताई जा रही है। इस कार्रवाई के दौरान शराब की खेप को जब्त कर लिया गया।
मामले में वाहन चालक सृजन शर्मा, पुत्र सुनील कुमार शर्मा, निवासी गांव क्यारी, डाकघर एवं तहसील शाहपुर, जिला कांगड़ा के खिलाफ थाना में अभियोग संख्या 53/26 के तहत धारा 39(1) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी चालक को हिरासत में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने बरामद अवैध शराब और वाहन दोनों को कब्जे में लेकर मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि अवैध शराब के नेटवर्क और इसके स्रोत का पता लगाने के लिए आगे की कार्रवाई जारी है।