Summer Express, नई दिल्ली। 3 अप्रैल 2026 (शुक्रवार) को गुड फ्राइडे के अवसर पर भारतीय शेयर बाजार में अवकाश रहा। इस दौरान बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) पर इक्विटी, डेरिवेटिव और SLB सेगमेंट में कोई कारोबार नहीं हुआ। कमोडिटी बाजार भी पूरे दिन बंद रहा। अब नियमित ट्रेडिंग सोमवार, 6 अप्रैल से फिर से शुरू होगी। इसके अलावा इस महीने 14 अप्रैल को डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के कारण भी बाजार बंद रहेगा।
वैश्विक बाजारों में आज मिला-जुला रुख देखने को मिला, हालांकि अधिकांश एशियाई इंडेक्स बढ़त के साथ बंद हुए। जापान का निक्केई 1.34% और दक्षिण कोरिया का कोस्पी 2.73% की तेजी के साथ बंद हुआ, जबकि चीन का CSI 300 मामूली गिरावट में रहा। वहीं ऑस्ट्रेलिया और हांगकांग के बाजार ईस्टर अवकाश के चलते बंद रहे। अमेरिकी बाजार भी गुड फ्राइडे के कारण आज बंद हैं।
घरेलू बाजार के पिछले सत्र में यानी 2 अप्रैल 2026 (गुरुवार) को कमजोर वैश्विक संकेतों और कच्चे तेल की कीमतों में तेजी के बावजूद बाजार में मजबूती देखने को मिली थी। सेंसेक्स 185 अंक बढ़कर 73,319 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 33 अंक की बढ़त के साथ 22,713 के स्तर पर पहुंच गया। इस दौरान रुपये में भी मजबूत बढ़त दर्ज की गई और यह हाल के वर्षों की एकदिवसीय सबसे बड़ी मजबूती में से एक रही।