Summer express/शिमला, संजू:शिमला में स्वच्छता व्यवस्था संभालने वाले SEHB (सैहब) सोसाइटी कर्मियों के लिए लंबे समय से लंबित मांगों पर आखिरकार बड़ा फैसला लिया गया है। सचिवालय में आयोजित एनुअल जनरल मीटिंग (AGM) में कई अहम घोषणाएं की गईं, जिससे कर्मचारियों को सीधा लाभ मिलेगा। यह बैठक करीब 9 वर्षों के बाद आयोजित हुई, जिसमें नगर प्रशासन और सरकार के वरिष्ठ प्रतिनिधि मौजूद रहे।
बैठक में सबसे महत्वपूर्ण निर्णय यह लिया गया कि अब SEHB कर्मियों को भी अन्य सरकारी कर्मचारियों की तरह समय-समय पर डियरनेस अलाउंस (DA) दिया जाएगा। इसके साथ ही लगभग 350 आउटसोर्स कर्मचारियों को सोसाइटी में शामिल करने का निर्णय लिया गया है, जिससे उन्हें स्थायी लाभ और बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।कर्मचारियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सेवा के दौरान मृत्यु होने पर ₹2 लाख का मुआवजा तय किया गया है। इसके अलावा सभी कर्मियों के लिए ₹30 लाख का स्वास्थ्य और जीवन बीमा भी सुनिश्चित किया गया है। आर्थिक लाभ बढ़ाते हुए वार्षिक बोनस को ₹1500 से बढ़ाकर ₹2000 कर दिया गया है।सुविधाओं में भी विस्तार किया गया है। अब कर्मियों को साल में 7 दिन की अतिरिक्त सवेतन छुट्टी मिलेगी। हर वार्ड में चेंजिंग रूम बनाए जाएंगे और साल में दो बार वर्दी दी जाएगी। साथ ही, कर्मचारियों का व्यक्तिगत कूड़ा शुल्क भी माफ किया जाएगा।
शहर के विकास को लेकर भी अहम घोषणाएं हुईं। ‘अर्बन चैलेंज फंड’ के तहत ₹150 करोड़ से सब्जी मंडी का आधुनिकीकरण किया जाएगा। वहीं, शिमला को ट्रैफिक जाम से राहत दिलाने के लिए टालैंड से IGMC तक टनल बनाने का प्रस्ताव तैयार किया गया है, जिसके लिए ₹10 करोड़ का प्रावधान रखा गया है।इन फैसलों से कर्मचारियों के साथ-साथ शहर के विकास को भी नई दिशा मिलने की उम्मीद है।