Summer Express , गोवा। गोवा के डोना पाउला इलाके में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला, जहां एक लग्जरी मिनी कूपर कार ने मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में 23 वर्षीय होटल कर्मचारी युवती दीक्षा परवाडकर की मौत हो गई, जबकि उसके साथ मौजूद एक अन्य कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस के अनुसार, यह घटना रविवार रात की है, जब दीक्षा अपनी नाइट शिफ्ट खत्म कर घर लौट रही थी। वह उत्तर गोवा के एक फाइव स्टार होटल में कार्यरत थी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत मदद पहुंचाई।
मामले में पुलिस ने आरोपी चालक डेरियस डियास को गिरफ्तार कर लिया है, जो एक बिजनेसमैन का बेटा बताया जा रहा है। पुलिस ने बताया कि घटना के समय कार पर स्थायी नंबर प्लेट नहीं लगी थी, हालांकि आरोपी का कहना है कि वाहन पर अस्थायी नंबर प्लेट लगी हुई थी, जो पंजीकरण प्रक्रिया के दौरान उपयोग की जाती है।
प्रत्यक्षदर्शियों और प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस का मानना है कि कार की रफ्तार काफी तेज थी, जिसके चलते यह हादसा हुआ। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार दोनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल ले जाने के दौरान दीक्षा ने दम तोड़ दिया।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और हादसे के कारणों के साथ-साथ आरोपी की लापरवाही की भी जांच की जा रही है।