Summer express,गुरुग्राम |गुरुग्राम के सेक्टर-104 में द्वारका एक्सप्रेसवे पर देर रात एक सड़क हादसा हो गया। दिल्ली की ओर से आ रही तेज रफ्तार टोयोटा टैज़र कार अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गई। इस दुर्घटना में कार चला रहा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना रात करीब एक बजे की बताई जा रही है। राजेंद्र पार्क थाना पुलिस के अनुसार, द्वारका एक्सप्रेसवे से गुजर रहे कुछ लोगों ने हादसा होते देखा और तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। बताया गया कि कार तेज गति से दिल्ली की दिशा से आ रही थी, तभी सेक्टर-104 के पास मोड़ पर चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा।
हादसे के बाद कार डिवाइडर से टकराकर ऊपर चढ़ गई और क्षतिग्रस्त हो गई। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस मौके पर पहुंची और घायल चालक को कार से बाहर निकालकर नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
फिलहाल घायल युवक की पहचान नहीं हो पाई है, हालांकि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वह दिल्ली का रहने वाला बताया जा रहा है। वाहन भी दिल्ली के राजा गार्डन पते पर रजिस्टर्ड है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि हादसा तेज रफ्तार, लापरवाही या किसी अन्य कारण से हुआ।