Summer Express, तरनतारन । पंजाब के सरहदी थाना सराय अमानत खां क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले चीमा कलां और चीमा खुर्द गांवों के युवकों के बीच हुए झगड़े के दौरान चली गोली से एक व्यक्ति की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया और मौके पर चीख-पुकार मच गई।
जानकारी के अनुसार, देर रात दोनों गांवों के युवकों के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ, जो जल्द ही हिंसक झड़प में बदल गया। इस दौरान ईंट-पत्थर चलने के बाद एक पक्ष द्वारा की गई फायरिंग में चीमा खुर्द निवासी खजान सिंह (पुत्र गुलजार सिंह) को गोली लग गई।
बताया जा रहा है कि खजान सिंह झगड़े की आवाज सुनकर घर से बाहर आए थे और मौके के पास खड़े थे, तभी उन्हें गोली लग गई। गंभीर रूप से घायल खजान सिंह की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद गांव में माहौल तनावपूर्ण हो गया है। मृतक की पत्नी ने बताया कि झगड़ा युवकों के दो गुटों के बीच हुआ था, जो बाद में हिंसक रूप ले गया।
वहीं, स्थानीय मजदूर एकता ट्रेड यूनियन के नेताओं ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि मामले में ढिलाई बरती जा रही है। उन्होंने मृतक का शव थाने के बाहर रखकर विरोध प्रदर्शन किया और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है।