Summer Express,पानीपत | हरियाणा के पानीपत जिले के मॉडल टाउन क्षेत्र में महिलाओं के बीच जमकर मारपीट का मामला सामने आया। किराए के क्वार्टर में रहने वाली महिलाओं के बीच कपड़े गायब होने को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि बात हाथापाई तक पहुंच गई।
जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के गोंडा निवासी एक महिला राजरजनी के कमरे से उसके कपड़े गायब हो गए थे। वह अपने कमरे में कपड़े ढूंढ रही थी और इस दौरान कुछ बातें कह रही थी। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाली महिलाओं को लगा कि उन पर चोरी का आरोप लगाया जा रहा है, जिसके बाद विवाद शुरू हो गया।
देखते ही देखते दोनों पक्षों में कहासुनी तेज हो गई और मामला मारपीट में बदल गया। आरोप है कि कुछ महिलाओं ने राजरजनी को कमरे से बाहर खींचकर गली में लाकर उसके साथ मारपीट की। इस दौरान बाल पकड़कर खींचने और जमीन पर गिराकर पीटने की भी घटना सामने आई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, झगड़े में कुछ बच्चे भी शामिल हो गए और उन्होंने भी हाथापाई की। मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कर किसी तरह स्थिति को शांत कराया।
घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें महिलाओं को एक-दूसरे से झगड़ते और बाल खींचते हुए देखा जा सकता है। वीडियो में कुछ बच्चे भी मारपीट में शामिल नजर आ रहे हैं।
सूचना मिलने पर मॉडल टाउन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस के अनुसार, शुरुआत में पीड़िता की ओर से शिकायत दी गई थी, लेकिन बाद में दोनों पक्षों ने आपसी समझौते की बात कहकर शिकायत वापस ले ली। हालांकि, पुलिस ने वीडियो के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है और पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाई जा रही है।