Summer Express,करनाल | करनाल में देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो कुख्यात शार्प शूटरों को दबोच लिया। इस दौरान दोनों आरोपी गोली लगने से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रौनक और इमरान के रूप में हुई है, जो मूल रूप से सोनीपत जिले के रहने वाले हैं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि दोनों किसी बड़ी आपराधिक साजिश को अंजाम देने की फिराक में थे और एक संगठित गैंग से जुड़े हुए हैं।
जानकारी के अनुसार, पुलिस को देर रात इनपुट मिला था कि कुछ संदिग्ध हथियारबंद बदमाश इलाके में सक्रिय हैं। इसी सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी की, जिसके बाद बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने दोनों आरोपियों को काबू कर लिया।
मुठभेड़ के बाद मौके से कारतूस भी बरामद किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि दोनों से पूछताछ जारी है और उनके नेटवर्क तथा संभावित साजिश को लेकर गहन जांच की जा रही है। अधिकारियों के मुताबिक, इस कार्रवाई से एक बड़ी आपराधिक वारदात को समय रहते टाल दिया गया है।