Summer Express,जगाधरी। जगाधरी अनाज मंडी में गेहूं लेकर पहुंचे किसानों को उस समय भारी परेशानी का सामना करना पड़ा जब सरकारी ई-खरीद पोर्टल बार-बार ठप हो गया। तकनीकी खराबी के कारण बायोमेट्रिक सत्यापन प्रक्रिया बाधित हो गई, जिससे मंडी में गेट पास जारी नहीं हो सके और ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की लंबी कतारें लग गईं।
जानकारी के अनुसार, पोर्टल के बार-बार क्रैश होने से किसानों को घंटों लाइन में खड़ा रहना पड़ा। इस दौरान गेट पास न बनने और देरी से नाराज किसानों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने मंडी गेट पर प्रदर्शन शुरू कर दिया। स्थिति को देखते हुए मौके पर पुलिस बल भी तैनात किया गया।
किसानों का आरोप है कि सरकार द्वारा लागू किया गया ऑनलाइन सिस्टम लगातार फेल हो रहा है, जिससे खरीद प्रक्रिया बुरी तरह प्रभावित हो रही है। किसान सुल्तान हरनौली, सोहिल हरनौल, विकास, यशपाल और कर्मबीर सहित कई किसानों ने बताया कि पोर्टल बार-बार बंद होने से न तो बायोमेट्रिक सत्यापन हो पा रहा है और न ही समय पर गेट पास मिल पा रहे हैं।
किसानों ने कहा कि उन्हें दो-दो घंटे तक कतारों में खड़ा रहना पड़ रहा है, जिससे उनका समय और श्रम दोनों बर्बाद हो रहा है। मंडी में बढ़ती भीड़ और तकनीकी खामियों के चलते हालात तनावपूर्ण हो गए, जिसके बाद किसानों ने सरकार और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
किसानों ने मांग की है कि ई-खरीद पोर्टल की तकनीकी खामियों को तुरंत दूर किया जाए और गेट पास तथा बायोमेट्रिक प्रक्रिया को सरल और सुचारू बनाया जाए, ताकि उन्हें राहत मिल सके।
वहीं, मार्केट कमेटी सचिव विशाल गर्ग ने बताया कि पिछले दो दिनों से पोर्टल में लगातार दिक्कत आ रही है। उन्होंने कहा कि समस्या की जानकारी उच्च अधिकारियों को दे दी गई है और इसे जल्द ठीक करने के प्रयास किए जा रहे हैं।