Summer express, गुरुग्राम। हरियाणा की युवा तैराक काम्या भारद्वाज ने ओपन वाटर स्विमिंग में नया इतिहास रचते हुए एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। काम्या ने 58 किलोमीटर की समुद्री दूरी 18 घंटे 15 मिनट में तय कर पिछला रिकॉर्ड तोड़ दिया है।
इससे पहले यह रिकॉर्ड त्रिपुरा की सुचेता दास बर्मन के नाम था, जिन्होंने यह दूरी 19 घंटे 20 मिनट में पूरी की थी। काम्या ने यह चुनौती 12 अप्रैल को दोपहर करीब 1:30 बजे तमिलनाडु के धनुष्कोडी समुद्र क्षेत्र से शुरू की थी और श्रीलंका के थलाईमन्नार तक तैरकर पहुंचीं। इसके बाद वह वापस धनुष्कोडी लौटीं और 13 अप्रैल सुबह 7:45 बजे अपनी तैराकी पूरी की।
ओपन वाटर स्विमिंग अकादमी तैनी के मार्गदर्शन में की गई इस चुनौती में काम्या ने बिना किसी लंबा विश्राम लिए लगातार तैराकी की। उन्होंने बताया कि यात्रा के दौरान समुद्र अपेक्षाकृत शांत था, लेकिन श्रीलंका से वापसी के समय ऊंची लहरों ने काफी कठिनाई पैदा की।
काम्या ने कहा कि अचानक उठी तेज लहरों के कारण उन्हें लगा कि लक्ष्य पूरा करना मुश्किल हो सकता है, लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और लगातार आगे बढ़ती रहीं। उन्होंने बताया कि विशेषज्ञों ने कई बार सुरक्षित वापसी की सलाह दी, लेकिन उन्होंने रिकॉर्ड बनाने के इरादे से अपनी कोशिश जारी रखी।
तैराकी के दौरान उन्हें जेलीफिश के डंक का भी सामना करना पड़ा, जिससे शरीर पर दर्द हुआ। बचाव के लिए लगाए गए केमिकल के बावजूद कुछ जेलीफिश से संपर्क हो गया, लेकिन उन्होंने दर्द सहते हुए अपनी यात्रा जारी रखी।
काम्या भारद्वाज दिल्ली विश्वविद्यालय के दयाल सिंह कॉलेज में बीएससी जूलॉजी ऑनर्स की छात्रा हैं। उनकी इस उपलब्धि को ओपन वाटर स्विमिंग में एक बड़ी सफलता माना जा रहा है।