Summer Express, पानीपत। जिले के गांव बुडशाम में एक दर्दनाक और सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक विवाहिता को उसके ससुराल पक्ष द्वारा कथित तौर पर जहर पिलाकर जान से मारने का प्रयास किए जाने का आरोप लगाया गया है। गंभीर हालत में महिला को इसराना स्थित एनसी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार, पीड़िता की शादी 21 मई 2025 को बुडशाम निवासी राहुल शर्मा के साथ हुई थी। परिजनों का आरोप है कि शादी के कुछ महीनों बाद ही पति, जेठ और जेठानी ने दहेज की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित करना शुरू कर दिया था। मामला पंचायत तक पहुंचने के बाद कुछ समय के लिए विवाद शांत हो गया था, जिसके बाद महिला तीन दिन पहले ही अपने ससुराल लौटी थी।
पीड़िता के पिता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि रात करीब 2 बजे उनकी बेटी का फोन आया, जिसमें वह घबराई हुई हालत में मदद की गुहार लगा रही थी। उसने बताया कि ससुराल वाले उसकी जान के पीछे पड़े हैं। इसके कुछ ही घंटे बाद सुबह करीब 4 बजे परिजनों को सूचना दी गई कि महिला ने जहर पी लिया है।
परिजनों का आरोप है कि यह आत्महत्या नहीं बल्कि सुनियोजित तरीके से जहर देकर की गई हत्या का प्रयास है। घटना के बाद पीड़िता को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
वहीं, समालखा थाना पुलिस ने पिता की शिकायत के आधार पर पति, जेठ और जेठानी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि महिला के बयान दर्ज करने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।