Summer express, रेवाड़ी। हरियाणा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने रेवाड़ी दौरे के दौरान संगठन को लेकर सख्त संदेश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पार्टी में अनुशासनहीनता अब किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि जो भी नेता या कार्यकर्ता पार्टी लाइन से हटकर काम करेगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
क्रॉस वोटिंग के मुद्दे पर उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस के कुछ विधायकों ने दबाव में आकर ऐसा कदम उठाया। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ बताते हुए कहा कि पार्टी इस मामले को गंभीरता से ले रही है और दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
नगर निकाय चुनाव को लेकर भी उन्होंने बड़ा संकेत दिया। रेवाड़ी और धारूहेड़ा में होने वाले चुनावों के संदर्भ में उन्होंने कहा कि कांग्रेस सिंबल पर चुनाव लड़ने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि यदि कार्यकर्ता चाहेंगे तो पार्टी अपने चुनाव चिन्ह पर ही मैदान में उतरेगी, जिससे संगठन को मजबूती मिलेगी और कार्यकर्ताओं में उत्साह बढ़ेगा।
प्रदेश अध्यक्ष ने महंगाई और किसानों के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार फसल खरीद को लेकर बड़े दावे करती है, लेकिन जमीनी हकीकत अलग है। किसानों पर नई-नई शर्तें थोपकर उन्हें परेशान किया जा रहा है। उन्होंने जिला उपायुक्त के माध्यम से राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपते हुए किसानों की समस्याओं के जल्द समाधान की मांग की।
इस दौरान कार्यक्रम में कई स्थानीय बड़े नेताओं की गैरमौजूदगी भी चर्चा का विषय बनी रही। खासतौर पर पूर्व विधायक चिरंजीव राव की अनुपस्थिति ने राजनीतिक हलकों में सवाल खड़े किए, जबकि पूर्व कैबिनेट मंत्री चौधरी जसवंत सिंह कार्यक्रम में मौजूद रहे।
अपने दौरे के दौरान राव नरेंद्र सिंह ने नई अनाज मंडी का निरीक्षण भी किया और खरीद प्रक्रिया का जायजा लिया। उन्होंने किसानों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।