धर्मशाला,राहुल-:हिमाचल प्रदेश के खूबसूरत शहर पालमपुर में पर्यटन और शहरी सुविधाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से 43 करोड़ रुपये की महत्वाकांक्षी विकास परियोजनाओं की शुरुआत की गई है। इन परियोजनाओं में आधुनिक पार्किंग सुविधाओं का निर्माण, कैफे का जीर्णोद्धार और सड़कों का सौंदर्यकरण शामिल है। इन कार्यों का भूमि पूजन पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष एवं नगरोटा बगवां के विधायक आरएस बाली द्वारा किया गया। इस अवसर पर पालमपुर के विधायक आशीष बुटेल भी मौजूद रहे।
यह परियोजनाएं एशियन डेवलपमेंट बैंक के सहयोग से चलाई जा रही हैं और इनका उद्देश्य पालमपुर और नगरोटा बगवां क्षेत्र को पर्यटन की दृष्टि से और अधिक आकर्षक बनाना है। सबसे पहले पालमपुर बस अड्डे के समीप 25 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली बहुउद्देश्यीय पार्किंग का भूमि पूजन किया गया। इस पार्किंग में 210 चार पहिया वाहनों, 110 दोपहिया वाहनों, 15 बड़ी बसों और 2 छोटी बसों के लिए स्थान उपलब्ध कराया जाएगा। यह सुविधा शहर में बढ़ते यातायात दबाव को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।इसके बाद पुरानी सब्जी मंडी के पास 8.50 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली दूसरी पार्किंग परियोजना का भी शुभारंभ किया गया। इस पार्किंग में 99 चार पहिया और 27 दोपहिया वाहनों के लिए स्थान निर्धारित किया गया है। इन दोनों परियोजनाओं से स्थानीय निवासियों और पर्यटकों को पार्किंग की बेहतर सुविधा मिल सकेगी, जिससे शहर में ट्रैफिक प्रबंधन भी बेहतर होगा।
इसके अतिरिक्त, न्यूगल कैफे के जीर्णोद्धार के लिए 2 करोड़ रुपये की परियोजना का भी भूमि पूजन किया गया। इस योजना के तहत कैफे को आधुनिक स्वरूप दिया जाएगा और आसपास के क्षेत्र का सौंदर्यकरण किया जाएगा। साथ ही, शहर की प्रमुख सड़कों को भी आकर्षक बनाने के लिए विशेष कार्य किए जाएंगे, जिससे पालमपुर का समग्र स्वरूप और भी निखरेगा।
इस मौके पर आरएस बाली ने कहा कि इन परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पहले ही पूरी कर ली गई हैं और भूमि पूजन के तुरंत बाद कार्य शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि ये परियोजनाएं निर्धारित समय में पूरी होकर जनता को समर्पित की जाएंगी।उन्होंने यह भी बताया कि नगरोटा बगवां क्षेत्र में भी 180 करोड़ रुपये की लागत से म्यूजिकल फाउंटेन और 27 करोड़ रुपये की पार्किंग जैसी बड़ी परियोजनाओं पर कार्य किया जा रहा है। इन योजनाओं से क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
कार्यक्रम के दौरान आरएस बाली ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके सहयोग से ही ये परियोजनाएं संभव हो पाई हैं। उन्होंने यह भी बताया कि आदि हिमानी चामुंडा मंदिर के लिए रोपवे परियोजना को फिर से शुरू करने की दिशा में प्रयास किए जाएंगे।इन विकास कार्यों से न केवल पालमपुर की आधारभूत संरचना मजबूत होगी, बल्कि यह शहर पर्यटन के नक्शे पर और अधिक प्रमुखता से उभरेगा।